प्रतापगढ़. कृषि उपज मंडी में इन दिनों प्याज की बंपर आवक देखने को मिल रही है। मध्य प्रदेश की मंडियों में अत्यधिक आवक के कारण वहां किसानों का प्याज दो-दो दिन तक नहीं तुल पा रहा है। इसी परेशानी के चलते जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के किसान भी बड़ी संख्या में अपना प्याज लेकर प्रतापगढ़ मंडी पहुंच रहे हैं। इससे मंडी में आवक और अधिक बढ़ गई है।
लगातार बढ़ रही आवक का सीधा असर प्याज के भाव पर पड़ा है। मंडी में प्याज के दाम ₹1 से लेकर ₹15 प्रति किलो तक ही मिल पा रहे हैं। इन भावों में किसान अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी देखी जा रही है। किसानों का कहना है कि खेत से मंडी तक प्याज लाने में ही परिवहन, मजदूरी और भाड़े का खर्च अधिक हो जाता है, ऐसे में इतने कम भाव मिलना घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
यह भी पढ़े…
कृषि उपज मंडी में प्याज की बम्पर आवक, रातभर जमी वाहनों की लंबी कतारें
व्यापारियों के अनुसार मंडी में प्याज की अधिक आवक के चलते समय पर लोडिंग नहीं हो पा रही है। ट्रकों और वाहनों की कमी तथा जगह के अभाव में माल लंबे समय तक मंडी परिसर में पड़ा रह रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि जगह की कमी के चलते मंडी में कभी-कभी अवकाश भी रखना पड़ रहा है, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ जाती है। हालांकि मंडी प्रशासन का कहना है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से नीलामी व्यवस्था को सुचारु रखने, सफाई, सुरक्षा और पेयजल जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है
