आपकी पूंजी-आपका अधिकार अभियान के तहत प्रतापगढ़ में विशाल शिविर, दावा रहित 15 करोड़ की पूंजी पर मिली राहत

SHARE:

Green Yellow and White Travel Vlog YouTube Thumbnail 20251221 094127

प्रतापगढ़. भारत सरकार के वित्त मंत्रालय एवं भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा शुरू किए गए आपकी पूंजी-आपका अधिकार अभियान के अंतर्गत दावा रहित एसेट्स के सुगम एवं त्वरित निपटान के लिए प्रतापगढ़ में एक विशाल जनहितकारी शिविर का आयोजन किया गया।  शिविर का आयोजन अग्रणी बैंक कार्यालय, बैंक ऑफ बड़ौदा प्रतापगढ़ द्वारा जिले के सभी बैंकों के सहयोग से किया गया। शिविर में निष्क्रिय खातों, पुराने बैंक खातों, एफडी तथा अन्य दावा रहित पूंजी से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक सुदेश भोरिया ने बताया कि जिले के विभिन्न बैंकों में बड़ी संख्या में ऐसे खाते हैं, जिनमें वर्षों से धनराशि बिना दावे के पड़ी हुई है। इस अभियान का उद्देश्य आमजन को उनकी ही मेहनत की कमाई वापस दिलाना और बैंकिंग प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर के मुख्य अतिथि नगर परिषद आयुक्त जितेन्द्र मीणा ने कहा कि अनक्लेम्ड राशि आमजन की जीवनभर की बचत होती है, जो जानकारी के अभाव में वर्षों तक उपयोग से बाहर रह जाती है।

प्रधानमंत्री एवं भारतीय रिज़र्व बैंक की यह पहल जनता को उनकी पूँजी से पुनः जोड़ने का सशक्त माध्यम है। ऐसे शिविर बैंकिंग सेवाओं को आम लोगों के और अधिक करीब लाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने पुराने खातों, जमा योजनाओं एवं दस्तावेजों की जानकारी बैंक से प्राप्त कर अपनी पूँजी सुरक्षित करें।
भारतीय रिज़र्व बैंक जयपुर से सहायक महाप्रबंधक गौरव धुत, बैंक ऑफ बड़ौदा उदयपुर के क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश आनंद मेहरा, आईसीआईसीआई बैंक के क्षेत्रीय समन्वयक के.जी. तोतला, बीएसवीएस डायरेक्टर श्रीनिवास तथा एसबीआई प्रतापगढ़ के मुख्य प्रबंधक गिरीश परिहार सहित सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं अधिकारी शिविर में उपस्थित रहे। क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश आनंद मेहरा ने जानकारी दी कि प्रतापगढ़ जिले में विभिन्न बैंकों के लगभग 74 हजार खातों में करीब 15 करोड़ रुपये की दावा रहित पूंजी डीईएएफ (DEAF) में जमा है। उन्होंने जन सुरक्षा योजनाओं तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव को लेकर भी विस्तृत जानकारी साझा की।  जिले में दावा रहित पूंजी से जुड़े 74 हजार खातों की जानकारी साझा की गई।

Leave a Comment

error: Content is protected !!