प्रतापगढ़. बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के साथ कथित रूप से हो रही हिंसक घटनाओं के विरोध में जिले में आक्रोश देखने को मिल रहा है। बजरंग दल के जिला संयोजक महेश प्रताप बरोलिया ने बताया कि बीते दिनों बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो घटनाएं हुई हैं, वे अत्यंत मर्माहत करने वाली और निंदनीय हैं। ऐसे में अब हिंदू समाज से एकजुट होकर आवाज बुलंद करने की अपील की गई है। महेश प्रताप बरोलिया ने कहा कि यदि आज समाज एकजुट होकर विरोध दर्ज नहीं कराएगा, तो आने वाले समय में ऐसे हालात भारत में भी देखने को मिल सकते हैं। इसी को लेकर आज शाम 4 बजे सभी हिंदू व्यापारियों और नागरिकों से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
उन्होंने बताया कि शाम 4 बजे शहर के गांधी चौराहे पर सभी लोग एकत्रित होंगे, जहां बांग्लादेश की वर्तमान केयरटेकर सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के प्रतीकात्मक पुतले की शव यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात गांधी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया जाएगा। बजरंग दल की ओर से गांधी चौराहे पर पुतला पहले ही स्थापित कर दिया गया है, जो देर शाम तक वहीं लगा रहेगा। आयोजन को लेकर शहर में व्यापारिक संगठनों और हिंदू समाज में व्यापक चर्चा बनी हुई है। कार्यकर्ताओं ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की भी बात कही गई है।
