प्रतापगढ़/ मूंगाणा. क्षेत्र की शकरकंद ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शकरकंद में मानवता और सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। कड़ाके की सर्दी के बीच स्थानीय भामाशाहों की पहल ने विद्यालय के 115 विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। ठंड से राहत देने के उद्देश्य से भामाशाहों द्वारा विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए।
इस सेवा कार्य में शकरकंद निवासी समाजसेवी गुलाब मीणा, शांतिलाल मेघवाल एवं मूंगाणा निवासी छोटू लबाना ने संयुक्त रूप से योगदान दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित स्वेटर वितरण कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वेटर पाकर विद्यार्थियों ने न केवल राहत महसूस की, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, ग्रामीणजन एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे। भामाशाहों ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा का ध्यान रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन ने इस पुनीत पहल के लिए भामाशाहों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। ठंड के मौसम में यह सहयोग बच्चों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रहा।
