प्रतापगढ़/धरियावद. बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार, हमलों और हत्याओं के विरोध में धरियावद नगर में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारे लगाए। वक्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की कथित निर्मम हत्याओं, धार्मिक उत्पीड़न तथा बहन-बेटियों पर हो रहे अत्याचारों की कड़े शब्दों में निंदा की। बजरंग दल के नगर अध्यक्ष गौरव पारीक ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन वहां की सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यह स्थिति न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय भी है।
प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से मांग की कि वह इस गंभीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूती से उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर वहां निवासरत हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराए। इसके साथ ही प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त और उचित कार्रवाई की मांग भी की गई। संगठनों ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक संतुलन बनाए रखने के लिए ऐसे कदम आवश्यक हैं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी संगठनों ने एकजुट होकर हिंदू समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
