प्रतापगढ़. शहर के मोहनलाल सुखाड़िया स्टेडियम में आज कुछ अलग ही नज़ारा था। उद्घाटन करने आए राजस्व मंत्री हेमंत मीणा अचानक खिलाड़ी बन गए। टॉस कराया, बल्ला उठाया और गेंदबाज़ी भी की। स्व. नन्दलाल मीणा की स्मृति में शुरू हुई लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता पहले ही दिन चर्चा में आ गई।
गौरतलब है कि मोहनलाल सुखाड़िया स्टेडियम में आज खेल प्रतिभाओं के महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हुआ। राजस्थान सरकार के पूर्व जनजातीय विकास मंत्री नन्दलाल मीणा की स्मृति में आयोजित प्रथम लेदर बॉल ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने किया। उद्घाटन के साथ ही स्टेडियम खेल भावना, उत्साह और जोश से सराबोर नजर आया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व के गुण भी विकसित करता है। उन्होंने स्व. नन्दलाल मीणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को आगे बढ़ने का बड़ा मंच प्रदान करेगी। मंत्री हेमंत मीणा ने मंच से उतरकर सभी टीमों के खिलाड़ियों से एक-एक कर परिचय लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद उन्होंने टॉस करवाया, जहां मैदान पर खेल भावना का अनूठा दृश्य देखने को मिला। टॉस के बाद मंत्री मीणा स्वयं मैदान में उतरे और पहले बल्लेबाजी करते हुए शॉट्स लगाए, फिर गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। मंत्री को मैदान में खेलते देख दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत एवं नगर परिषद सभापति रामकन्या गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। इस प्रतियोगिता में मुंबई, मेरठ, गुजरात, जयपुर, उदयपुर, इंदौर, रतलाम, नीमच, बांसवाड़ा, निंबाहेड़ा, सज्जनगढ़, देवलदी सहित स्थानीय प्रतापगढ़ की टीमें भाग ले रही हैं। देशभर की नामी टीमों की मौजूदगी से मुकाबले रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है।
