प्रतापगढ़। एकलिंगनाथ निमंत्रण यात्रा उत्सव का आयोजन 15 और 16 जनवरी को श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण विकास परिषद के तत्वावधान में किया जाएगा। यह आयोजन मध्यप्रदेश, राजस्थान और श्री एकलिंगनाथ अतिथिगृह, उज्जैन के संयुक्त सहयोग से होगा।
उज्जैन से कैलाशपुरी तक होगा पुण्य सफर
इस यात्रा का उद्देश्य एकलिंगजी कैलाशपुरी में इष्टदेव एकलिंगनाथ भगवान को सपरिवार उज्जैन में प्रस्तावित एकलिंगधाम मंदिर में विराजित करने हेतु समाजजनों को आमंत्रित करना है। यात्रा का शुभारंभ 15 जनवरी को ब्रह्म मुहूर्त में श्री चिंतामन गणपतिजी मंदिर, उज्जैन से होगा।
पड़ावों पर स्वागत, सेवा और सत्कार
यात्रा के दौरान रतलाम, जावरा, प्रतापगढ़ और कैलाशपुरी सहित विभिन्न स्थानों पर समाजबंधुओं द्वारा चाय, स्वल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। विभिन्न पड़ावों पर लाभार्थियों द्वारा यात्रा का स्वागत-सत्कार किया जाएगा।
16 जनवरी को कैलाशपुरी में रात्रि विश्राम
परिषद के अनुसार यात्रा 16 जनवरी को कैलाशपुरी पहुंचकर एकलिंगनाथ जी में रात्रि विश्राम करेगी। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और सामूहिक सहभागिता के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
समाजजनों से सपरिवार सहभागी बनने का आह्वान
परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष सुनील जोशी ने उज्जैन, रतलाम, जावरा और प्रतापगढ़ इकाई के समाजजनों से सपरिवार इस पुण्य यात्रा उत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया है। परिषद के प्रफुल उपाध्याय ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।
यह भी पढ़ें : रामायण से जुड़ा स्थल, जैव विविधता से भरपूर, फिर चुप्पी क्यों?
