प्रतापगढ़. राजस्थान की भजनलाल सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल को बड़ी विकास सौगात मिली। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने ग्रामीण मंडल में करोड़ों रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि पूजन कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री हेमंत मीणा ने राजपुरिया मचलाना में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए एक बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं कुणी गांव में पशु चिकित्सालय का लोकार्पण कर पशुपालकों को बड़ी राहत प्रदान की गई। पशु चिकित्सालय शुरू होने से अब ग्रामीणों को पशुओं के इलाज, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
मंत्री मीणा ने कहा कि भजनलाल सरकार ने अपने कार्यकाल के दो वर्षों में प्रदेश के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है। सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं पशुपालन से जुड़े अनेक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। इसी सोच के साथ सरकार गांव-गांव में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर रही है। आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास कार्य स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सुधार हो सके।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
