200 फीट तक घिसटती बाइक… एक पल में उजड़ा घर, टैगोर पार्क हादसे ने मचाया हड़कंप

SHARE:

प्रतापगढ़. शहर के टैगोर पार्क क्षेत्र में गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक के डिवाइडर पर रखे सीमेंट के गमले से टकरा जाने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक करीब 200 फीट दूर जाकर गिरी और बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक सामने से किसी के निकल आने के कारण बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर पर रखे सीमेंट के गमले से जा टकराया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रतापगढ़ कोतवाली थाना अधिकारी दीपक बंजारा मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। बाद में शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक की पहचान शाहीद (27) पुत्र कल्लू खा, निवासी कच्ची बस्ती के रूप में हुई है। बताया गया कि शाहीद मजदूरी का काम कर शाम को घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां मातम का माहौल छा गया।
वहीं आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार पिछले एक माह में यह दूसरी गंभीर दुर्घटना है। उन्होंने प्रशासन से जल्द गति नियंत्रण के उपाय करने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!