दवा के नाम पर मौत का कारोबार! मंदसौर से बांसवाड़ा तक MD की सप्लाई

SHARE:

प्रतापगढ़. जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हथुनिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी बी. आदित्य के निर्देशन में डीएसटी टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में बांसवाड़ा के दानपुर मेडिकल स्टोर संचालक ईश्वर कुमावत को 54.26 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद एमडी की अनुमानित कीमत 1 लाख 62 हजार रुपये बताई जा रही है। हथुनिया थानाधिकारी उदयवीर सिंह के अनुसार, डीएसटी कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की विश्वसनीय सूचना पर 20 दिसंबर को नाकाबंदी की गई। मंदसौर से लौट रही मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर ईश्वर के कब्जे से 54.26 ग्राम एमडी और मोटरसाइकिल नंबर आरजे 03 वायएस 5025 जब्त की गई। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह मंदसौर जिले के डोराना से एमडी ला रहा था, जिसे बांसवाड़ा के दानपुर मेडिकल स्टोर से ग्राहक तक सप्लाई किया जाना था। इस ऑपरेशन में डीएसटी प्रभारी एएसआई पन्नालाल, कॉन्स्टेबल विनोद कुमार, पंकज पाटीदार, नरेंद्र सिंह, शिवलाल, ओमप्रकाश और साइबर सेल के रमेशचंद्र मीणा शामिल रहे। कार्रवाई एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा और सीओ गजेंद्र सिंह राव के सुपरविजन में हुई। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी मेडिकल सिस्टम में व्याप्त लापरवाही और ड्रग माफिया की गहरी पैठ को उजागर करती है। आरोपी की सप्लाई गुजरात और पाली तक भी जा रही थी। हथुनिया पुलिस इस नेटवर्क की और भी जांच कर रही है ताकि सारे कनेक्शन को उजागर किया जा सके।

Leave a Comment

error: Content is protected !!