राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को प्रतापगढ़ जिलेभर के 276 चिकित्सा संस्थानों पर आरोग्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में 7 हजार 2 सौ 13 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगर सभापति रामकन्या गुर्जर ने कहा कि आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ मिले, इसके लिए सरकार द्वारा सुव्यवस्थित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इन सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी अपील की। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, विभिन्न जांचें, एनसीडी स्क्रीनिंग, महिला रोग, नेत्र, दंत, बाल व ईएनटी सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने राज्य सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में हाल ही में क्रिटिकल केयर ब्लॉक शुरू किया गया है, जहां शीघ्र ही 24 घंटे जांच सेवाएं आरंभ होंगी। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव ने भी जिला चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। जयपुर से हुए लाइव प्रसारण को भी जिला चिकित्सालय परिसर में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि रवि जोशी, शिवलाल साहू, प्रशस्ति कंवर, आशा टांक, राजेंद्र जोशी सहित स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
