अरावली बचाने सड़कों पर उतरा प्रतापगढ़ गांधी चौराहे पर उमड़ा जनसैलाब हस्ताक्षर अभियान बना जनआंदोलन

SHARE:

प्रतापगढ़. अरावली पर्वत श्रृंखला के अस्तित्व को बचाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रतापगढ़ जिले में एक विशाल जन-जागरूकता एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस पर्यावरण एवं संरक्षण प्रकोष्ठ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने जन-आंदोलन का रूप ले लिया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन, पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

नगर के सबसे व्यस्त महात्मा गांधी चौराहे पर विशेष रूप से लगाए गए 10 फीट लंबे और 4 फीट चौड़े विशाल फ्लेक्स पर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई। इसके बाद देखते ही देखते लोगों की लंबी कतारें लग गईं और हर वर्ग के नागरिकों ने अरावली बचाने के संकल्प के साथ अपने हस्ताक्षर दर्ज किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अरावली पर्वत श्रृंखला केवल पहाड़ नहीं, बल्कि थार के रेगिस्तान को आगे बढ़ने से रोकने वाली प्राकृतिक दीवार है। आज अवैध खनन और भू-माफियाओं की गतिविधियों से इसका अस्तित्व खतरे में है, जबकि सरकार की चुप्पी इन गतिविधियों को मौन समर्थन दे रही है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष खातूराम मीणा ने कहा कि अरावली का संरक्षण किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि जीवन, जल और पर्यावरण से जुड़ा प्रश्न है। यह पर्वत श्रृंखला भूजल स्तर बनाए रखने के साथ-साथ वन्यजीवों का सुरक्षित आश्रय भी है। उन्होंने संकल्प लिया कि अवैध खनन पर पूर्ण रोक और अरावली के प्राकृतिक स्वरूप की रक्षा तक यह आंदोलन जारी रहेगा तथा गाँव-गाँव जाकर जन-जागरूकता फैलाई जाएगी।
अभियान में जिला व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल एवं ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Comment

error: Content is protected !!