दुबई में भारत को रोल बॉल वर्ल्ड कप जिताने वाला प्रतापगढ़ का लाल

SHARE:

प्रतापगढ़। बड़ीसाखथली, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के होनहार खिलाड़ी आदित्य प्रताप सिंह राणावत ने दुबई में आयोजित रोल बॉल वर्ल्ड कप चैंपियनशिप 2025 में भारतीय टीम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। 14 से 18 दिसंबर 2025 तक चले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ आदित्य ने न केवल अपने गांव और जिले बल्कि पूरे राजस्थान और देश का मान बढ़ाया है।

मेहनत और लगन से राष्ट्रीय टीम तक का सफर

आदित्य प्रताप सिंह राणावत ने रोल बॉल खेल की शुरुआत इंदौर स्थित प्रेस्टीज कॉलेज में अध्ययन के दौरान की। कॉलेज स्तर से शुरुआत करते हुए उन्होंने इंटर कॉलेज, ओपन और इंटर स्टेट चैंपियनशिप में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। उनकी मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम रहा कि मात्र 21 वर्ष की आयु में उनका चयन भारतीय रोल बॉल टीम में हुआ। वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साबित किया।


समाज और जिले में खुशी की लहर

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवार, गांव बड़ी साखथली और पूरे प्रतापगढ़ जिले में हर्ष का माहौल है। मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के संभाग प्रभारी डी.डी. सिंह राणावत सहित समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आदित्य को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह प्रतापगढ़ जिले के इतिहास में पहला अवसर है जब किसी खिलाड़ी का रोल बॉल खेल में भारतीय टीम में चयन हुआ और वह विश्व विजेता टीम का हिस्सा बना। आदित्य की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!