राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिलेभर में सेवा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 95 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए रक्तदान के सामाजिक महत्व और जीवनरक्षक भूमिका पर प्रकाश डाला। सीएमएचओ डॉ. मीणा ने कहा कि रक्तदान से शरीर को कोई हानि नहीं होती, बल्कि इससे नए रक्त का निर्माण होता है। उन्होंने समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता बताते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में जिला चिकित्सालय से लगभग 95 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ है, जिसे जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। सेवा सप्ताह के दौरान उप जिला चिकित्सालय छोटी सादड़ी एवं एस.एल. मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भी रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और चिकित्सा विभाग के सामाजिक अभियान को सफल बनाया।
