प्रतापगढ़. विधानसभा क्षेत्र के छोटीसादड़ी ब्लॉक में नवसृजित ग्राम पंचायत प्रतापपुरा एवं हड़मतिया कुण्डाल में ग्राम पंचायत कार्यालयों के नवीन भवनों का भव्य लोकार्पण एवं शुभारंभ समारोह समारोहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर डीजे, ढोल-नगाड़ों और भव्य आतिशबाजी के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय वातावरण में सराबोर हो गया। ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह और हर्षोल्लास देखने को मिला तथा ग्राम पंचायत कार्यालयों के शुभारंभ एवं लोकार्पण को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीचंद कृपलानी रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रतापगढ़ महावीर सिंह कृष्णावत ने की। विधायक श्रीचंद कृपलानी ने दोनों नवसृजित ग्राम पंचायत कार्यालयों का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात प्रतापपुर ग्राम पंचायत के सचिव पद पर मधुबाला पालीवाल तथा हड़मतिया कुण्डाल ग्राम पंचायत के सचिव पद पर रामअवतार यादव को पदभार ग्रहण करवाया गया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की नींव हैं और गांवों के विकास का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कार्यालयों के माध्यम से अब ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचेगा।
विधायक कृपलानी ने कहा कि भाजपा सरकार ने सदैव गांव, गरीब, किसान और युवाओं को प्राथमिकता दी है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मूलभूत विषयों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवसृजित ग्राम पंचायतों से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। विधायक कृपलानी ने ग्रामीणों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने और ग्राम पंचायत को सशक्त बनाने की अपील की।
