करमोई नदी में 8 फीट का मगरमच्छ मृत मिला, इलाके में दहशत

SHARE:

धरियावद नगर की करमोई नदी में मृत मगरमच्छ मिलने की घटना ने रविवार सुबह पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। एनीकट के पास करीब 8 फीट लंबा मगरमच्छ मृत अवस्था में मिलने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सुबह नदी में नहाने पहुंचे लोगों ने जैसे ही मगरमच्छ को देखा, तुरंत आसपास के लोगों और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।

 नदी क्षेत्र में पहले भी दिख चुके हैं मगरमच्छ

स्थानीय लोगों के अनुसार करमोई नदी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मगरमच्छ दिखने की घटनाएं सामने आती रही हैं। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

माना जा रहा है कि बरसात के दौरान तेज बहाव में मगरमच्छ बहकर एनीकट तक पहुंच जाते हैं और पानी कम होने पर यहीं फंस जाते हैं, जिससे इनके दिखने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

वन विभाग ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मी महेंद्रसिंह झाला टीम के साथ पहुंचे और मृत मगरमच्छ को बाहर निकाला। विभाग के अनुसार मगरमच्छ का पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि नदी और एनीकट क्षेत्र में सावधानी बरतें और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें।

Leave a Comment

error: Content is protected !!