मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन, प्रतापगढ़ जिले में 5.12 लाख मतदाता प्रारूप सूची में शामिल

SHARE:

प्रतापगढ़। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत मतदाता गणना एवं पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो गया है। जिले में 4 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2025 तक चले गणना चरण के दौरान कुल 5,12,253 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र जमा किए गए, जिन्हें 16 दिसम्बर को जारी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। जिले में पुनरीक्षण से पूर्व कुल मतदाताओं की संख्या 5,55,565 थी। गणना के दौरान 43,312 मतदाताओं के प्रपत्र अप्राप्त रहे, जिनमें 12,041 मृत, 22,447 अन्यत्र स्थानांतरित, 4,144 अनुपस्थित और 4,560 दोहराव वाले नाम शामिल हैं।

राजनीतिक दलों से परामर्श
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा, कांग्रेस, भारत आदिवासी पार्टी और भारतीय समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां (हार्ड व सॉफ्ट कॉपी) उपलब्ध कराई गईं तथा दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

नए मतदान केन्द्र और ऑनलाइन सुविधा
जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का पुनर्गठन किया गया है। अब प्रतापगढ़ जिले में 659 मतदान केन्द्र हैं, जो पहले 574 थे। नए मतदाता फॉर्म-6 ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन ऐप या वोटर सर्विस पोर्टल से भर सकते हैं। जो नागरिक 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी अग्रिम रूप से पंजीकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया व अंतिम प्रकाशन
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 16 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्धारण के बाद 14 फरवरी 2026 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!