राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने किया जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ, 31 दिव्यांगों को मिली स्कूटी

SHARE:

Green Yellow and White Travel Vlog YouTube Thumbnail 20251216 192152

राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने किया जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ | 31 दिव्यांगों को मिली स्कूटी

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित त्रि-दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने किया। इस अवसर पर मंत्री मीणा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और जिले की उपलब्धियों को दर्शाने वाली जिला स्तरीय विकास पुस्तिका का विमोचन किया।

समारोह के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री दिव्यांगजन स्कूटी योजना के अंतर्गत 31 दिव्यांग लाभार्थियों को स्कूटी की सांकेतिक चाबियाँ प्रदान की गईं, जिससे लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि राज्य सरकार के ये दो वर्ष विकास एवं सुशासन के प्रतीक हैं। सरकार ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य किया है, जिससे योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सका है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, बिजली, पानी, आवास और रोजगार के क्षेत्र में लिए गए निर्णयों से आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। साथ ही, दो वर्षों में विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की दिशा में मजबूत आधारशिला रखी गई है।

प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर विशेष भीड़ देखी गई। वहीं कृषि विभाग का सॉइल टेस्टिंग एवं प्राकृतिक खेती मॉडल, टीएडी विभाग का ट्राइबल हट व मां बाड़ी केंद्र, डीओआईटी का वेस्ट-टू-आर्ट मॉडल, एवीवीएनएल का स्मार्ट मीटर लाइव डेमोंस्ट्रेशन व आरडीएसएस मॉडल, स्वच्छता मॉडल तथा तीरंदाजी व खेल गतिविधियाँ दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं।

यह जिला स्तरीय प्रदर्शनी राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का सजीव दस्तावेज बनकर सामने आई है, जो आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ से जोड़ने का प्रभावी माध्यम साबित हो रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!