रात की गश्त में बड़ी सफलता! सीतामाता अभयारण्य से खैर की लकड़ी जब्त

SHARE:

प्रतापगढ़. सीतामाता वन्यजीव अभयारण्य में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन गश्त अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। उप वन संरक्षक  चित्तौड़गढ़ मृदुला सिंह के निर्देशन में अभयारण्य क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। इसी क्रम में  सहायक वन संरक्षक (वन्यजीव), धरियावद राम मोहन मीना के नेतृत्व में पांचागुड़ा एवं रणा नाका स्टाफ ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर धोलिया मुंडला क्षेत्र में कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान खैर की लकड़ी से भरा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया, जिसे अवैध रूप से अभयारण्य क्षेत्र से ले जाया जा रहा था।
इस अभियान में पांचागुड़ा नाका इंचार्ज कन्हैया मीना, रणा नाका इंचार्ज खेमराज पटेल, वन रक्षक कालूराम, अनिल कटारा, बाबूलाल सहित होमगार्ड कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने समन्वय के साथ कार्रवाई को अंजाम देते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मामले में राजस्थान वन अधिनियम एवं वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। जब्त वाहन एवं खैर की लकड़ी को वन विभाग के अभिरक्षा में लिया गया है।
इस संबंध में एसीएफ राम मोहन मीना ने बताया कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सीतामाता अभयारण्य क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर पूर्व निर्धारित गश्ती शेड्यूल के अनुसार निरंतर एवं सघन गश्त की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कटाई, तस्करी या वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!