कॉलेज आरक्षित भूमि से हटाया अतिक्रमण, भारी पुलिस जाप्ता तैनात

SHARE:

प्रतापगढ़. छोटीसादड़ी शहर के नेशनल हाईवे-56 पर स्थित गोमाना गांव में कॉलेज के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने सख्ती से हटाया। तहसीलदार राजकुमार सारेल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन पक्के और अस्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। साथ ही एहतियातन अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रखी गई, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिस भूमि पर अतिक्रमण किया गया था, वह पूर्व में कॉलेज निर्माण के लिए आरक्षित थी। हालांकि बाद में कॉलेज का निर्माण अन्य स्थान पर कर दिया गया, लेकिन अब इसी भूमि पर जिला चिकित्सालय और एडीजे कोर्ट छोटीसादड़ी के निर्माण की योजना प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमणकारियों को पूर्व में दो से तीन बार नोटिस जारी कर स्वेच्छा से भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन को मजबूरन यह सख्त कदम उठाना पड़ा। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया। उनका कहना था कि वे कई वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और उनके पास बिजली बिल व अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उक्त भूमि सरकारी है और कॉलेज सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों के लिए आरक्षित है, इसलिए अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!