प्रतापगढ़ । जिले के अरनोद उपखंड क्षेत्र की नवगठित ग्राम पंचायत शौली में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र को विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास की सौगात मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और जनसमूह में खासा उत्साह देखने को मिला।
शौली पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ एवं प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत की अनूठी छटा उस समय देखने को मिली, जब जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई, जिसने पूरे आयोजन को खास बना दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने राज्य और केंद्र सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सीमित समय में ऐसे विकास कार्य कर दिखाए हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारें वर्षों में भी नहीं कर पाईं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
राजेंद्र सिंह राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका शासन भ्रष्टाचार और खोखले वादों तक सीमित रहा, जबकि वर्तमान सरकार विकास को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान सभी वरिष्ठ नेताओं ने शौली स्थित हनुमानजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और चहुंमुखी विकास की कामना की। यह आयोजन न केवल विकास कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इससे आमजन के बीच सरकार के प्रति विश्वास और सकारात्मक माहौल भी मजबूत हुआ।
