प्रतापगढ़. जिले के पारसोला थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते हुई Murder के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई। थानाधिकारी राकेश कटारा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 193/2025 धारा 103(1) बीएनएस में वांछित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। घटना 17 दिसंबर 2025 की शाम की है। बावड़ीखेड़ा निवासी 19 वर्षीय ललिता मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता शराब के नशे में घर आए और उसकी मां के साथ गाली-गलौच करने लगे। समझाने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान चूल्हे से जलती लकड़ी उठाकर पिता ने मां पर हमला किया, जिससे मां की आंख पर चोट लगी।
आत्मरक्षा में मां ने पास पड़ी लकड़ी से पति के सिर पर वार किया। शोर सुनकर बेटा सुरजमल भी मौके पर पहुंचा, जिसके बाद कथित तौर पर और भी वार किए गए। घायल अवस्था में परिजन आरोपी को खाट पर सुलाकर बाद में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि घटना के बाद दोनों आरोपीसुर्या उर्फ सुरजमल और उसकी मां चौखली फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को डिटेन कर गिरफ्तार किया। आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद Court में पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।
