राज्य सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी जीरो टॉलरेंस नीति को सुचारू रूप से लागू करने की दिशा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रतापगढ़ द्वारा सोमवार को पंचायत समिति दलोट में आमजन और सरकारी कर्मचारियों के बीच जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देशानुसार व उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर मण्डल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में ब्यूरो चौकी प्रतापगढ़ की टीम — दिलीप कुमार (कानि. नं. 319), ईश्वरलाल (कानि. नं. 320) और नरेंद्र सिंह (कानि. नं. 324) द्वारा उपस्थित आमजन व कर्मचारियों से संवाद किया गया। एएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ट्रैप कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति के मामले, पद के दुरुपयोग और आकस्मिक जांच की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। जनसंवाद के दौरान भ्रष्टाचार से संबंधित समस्याओं को सुना गया तथा हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई और “भ्रष्टाचार सहन नहीं” का संकल्प कराया गया। अंत में ब्यूरो द्वारा जारी जानकारी पोस्टर सरकारी व सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए ताकि अधिकाधिक लोग जागरूक होकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठा सकें।
