सुहागपुरा मंडल को विकास की बड़ी सौगात, कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने कई पंचायतों में किया करोड़ों व लाखों के कार्यों का भूमि पूजन व लोकार्पण

SHARE:

Green Yellow and White Travel Vlog YouTube Thumbnail 20251222 225617

प्रतापगढ़. राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक हेमंत मीणा ने सुहागपुरा मंडल का दौरा कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। मंत्री मीणा ने सुहागपुरा मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत मोटा मायंगा सहित सुहागपुरा, पटेलिया, पाडलिया और डोजडा समेत कई पंचायतों में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में करोड़ों व लाखों रुपये की लागत से हुए विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। कार्यक्रमों की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल मीणा ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि क्षेत्र की जनता ही उनका परिवार और माई-बाप है, तथा जनता की सेवा करना ही उनका धर्म और कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों का यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा। मंत्री मीणा ने कार्यक्रमों के दौरान मौके पर ही जनसुनवाई की और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने विकास अधिकारी नानुराम मीणा, तहसीलदार सहित उपस्थित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे भ्रम और झूठ फैलाने वाली ताकतों से सावधान रहें और ईमानदार नेतृत्व को चुनकर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। कार्यक्रमों में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतापगढ़ प्रधान रमेश मीणा ने पंचायती राज व्यवस्था की मजबूती पर जोर देते हुए ग्रामीणों से अपने मताधिकार का सही उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही प्रतिनिधि के चयन से ही समाज और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी और मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Comment

error: Content is protected !!