चित्तौड़गढ़ जिले में चल रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 65 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के 9 प्रकरण दर्ज कर भारी मात्रा में अफीम, डोडाचूरा, स्मेक और एमडी जब्त की गई।

🔹 85 टीमों ने चलाया सघन अभियान
पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के निर्देशन में चलाए गए अभियान में 85 पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त, नाकाबंदी और जांच अभियान चलाया।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त 22 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 2.344 किलोग्राम अफीम, करीब 83 किलो डोडाचूरा, 2.9 ग्राम स्मेक और 2.75 ग्राम एमडी जब्त की गई।
इसके अलावा दो इनामी अपराधियों और 9 हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि 52 वांछित अपराधियों को दबिश देकर हिरासत में लिया गया।

🔹 अन्य मामलों में भी कार्रवाई
पुलिस ने 10 प्रकरण आबकारी अधिनियम में दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और अवैध शराब जब्त की। वहीं 7 प्रकरण आर्म्स एक्ट में दर्ज कर 7 आरोपियों को पकड़ा गया तथा 3 मामले जुआ अधिनियम के तहत दर्ज किए गए।
पुलिस द्वारा आरोपियों से मादक पदार्थों के नेटवर्क और स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है।

🔹 अपराधियों में बना भय का माहौल
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ें : बहुचर्चित एमडी फैक्ट्री केस में फरार आरोपी गिरफ्तार
