चित्तौड़गढ़। राष्ट्रीय संकल्प ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए CBN ड्रग लैब पर्दाफाश का मामला सामने आया है। केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), राजस्थान इकाई ने चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध रूप से संचालित मादक पदार्थ निर्माण की एक गुप्त प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है।
खुफिया सूचना पर एकांत बाड़ा मकान में छापा
विशिष्ट एवं विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर CBN चित्तौड़गढ़-1, 2, 3 एवं चित्तौड़गढ़ सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम सुरजना से दूर स्थित एक एकांत बाड़ा मकान पर रणनीतिक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

हाई-टेक ड्रग लैब से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
तलाशी के दौरान मौके से मेफेड्रोन (MD) और अल्प्राजोलम के साथ-साथ इनके अवैध निर्माण में प्रयुक्त रसायन और अत्याधुनिक प्रयोगशाला उपकरण बरामद किए गए।

जब्त सामग्री का विवरण
CBN ड्रग लैब पर्दाफाश में निम्न सामग्री जब्त की गई—
मेफेड्रोन (MD) पाउडर – 107 ग्राम
मेफेड्रोन (MD) क्रूड – 3.961 किलोग्राम
अल्प्राजोलम पाउडर – 1.826 किलोग्राम
मेफेड्रोन सिंथेसिस में प्रयुक्त रसायन – लगभग 200 किलोग्राम
हाई-टेक प्रयोगशाला उपकरण
तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल
👉 कुल 5.894 किलोग्राम मनोप्रभावी पदार्थ जब्त किए गए।
आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मेफेड्रोन का निर्माण इसी परिसर में किया जा रहा था। इस मामले में सोनू सिंह उर्फ अकबर, निवासी मंदसौर (मध्यप्रदेश) को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर इस गुप्त प्रयोगशाला का संचालन कर रहा था।

नशा तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी
CBN द्वारा कच्चे माल के स्रोत, वित्तीय लेन-देन और तस्करी नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। एजेंसी ने साफ किया है कि मादक पदार्थों के अवैध निर्माण और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त श्री नरेश बुन्देल, कोटा (राजस्थान) के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
यह भी पढ़ें : ब्राउन शुगर तस्करी प्रतापगढ़, युवकों का यह सफर यहीं टूटा
