धारदार हथियार से पत्नी व बेटे पर हमला: शिक्षक की मौत ने खड़े किए कई सवाल
प्रतापगढ़/अरनोद. धारदार हथियार से पत्नी व बेटे पर हमला करने का सनसनीखेज मामला प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र से सामने आया है। देर रात घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने घर में सो रही अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी मंजू मीणा (40) और पुत्र हरीश (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना का पूरा घटनाक्रम
घटना बनेड़िया कला क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी गणपत लाल मीणा ने धारदार हथियार से पत्नी व बेटे पर हमला कर दिया। वारदात के बाद घर में खून फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी का प्रोफाइल
आरोपी गणपत लाल मीणा मंडावरा क्षेत्र में बीएलओ के रूप में पदस्थ था और पेशे से सरकारी शिक्षक था। एक शिक्षक द्वारा इस तरह की हिंसक घटना को अंजाम देने से क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश दोनों का माहौल है।
राजस्थान से जुड़ी हर ताजा खबर सीधे आपके WhatsApp पर जुड़े अभी…
https://bit.ly/4a5w7rl
पुलिस का बयान
अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि रात करीब 3 बजे सूचना मिली कि बनला गांव में गणपत लाल ने फांसी लगा ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के अंदर खून बिखरा हुआ मिला और गणपत लाल का शव नीचे फंदे के पास पड़ा हुआ था। घटना स्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर शव को मोर्चरी भिजवाया गया।
जांच में क्या आया सामने
पुलिस जांच में अब तक यह स्पष्ट हुआ कि गणपत लाल ने पहले धारदार हथियार से पत्नी व बेटे पर हमला किया था। इसके बाद उसकी स्वयं की मौत हो गई। उसके गले पर निशान पाए गए हैं। हालांकि, मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इस बिंदु पर पुलिस गहन जांच कर रही है।
इलाज जारी, सवाल बरकरार?
घायल मां-बेटे का प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। वहीं, यह मामला अब कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह पूरी तरह आत्महत्या है या घटनाक्रम में कोई और कड़ी छुपी हुई है? पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
