तीन माह से वेतन बकाया, कुणी जीएसएस के ऑपरेटरों का आक्रोश: दो घंटे ठप रही बिजली सप्लाई

SHARE:

Green Yellow and White Travel Vlog YouTube Thumbnail 20251220 123004

प्रतापगढ़. जिले के कुणी जीएसएस पर कार्यरत विद्युत ऑपरेटरों को पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराजगी फैल गई। बकाया वेतन के विरोध में शनिवार को ऑपरेटरों ने करीब दो घंटे तक विद्युत सप्लाई बंद कर दी, जिससे आसपास के गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित रही।
ऑपरेटरों का कहना है कि उन्हें प्रतिमाह मात्र चार हजार रुपये मानदेय मिलता है, जो पहले से ही बेहद कम है, ऊपर से तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।  सप्लाई बंद होने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण भी जीएसएस पहुंच गए और कर्मचारियों के समर्थन में खड़े हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों व ठेकेदार को मौके पर बुलाया गया।

कर्मचारियों ने जब वेतन न मिलने पर काम छोड़ने की बात कही तो ठेकेदार ने बताया कि आगे से ही सैलरी का भुगतान रुका हुआ है। हालांकि बढ़ते दबाव और ग्रामीणों के समर्थन के बाद ठेकेदार ने अपने स्तर पर दो माह का वेतन तत्काल देने पर सहमति जताई तथा शेष एक माह का भुगतान जल्द करने का आश्वासन दिया। दो माह का वेतन मिलने से कर्मचारियों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में समय पर भुगतान नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं ग्रामीणों ने भी कम मानदेय पर काम कर रहे ऑपरेटरों के प्रति प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!