प्रतापगढ़/ अरनोद. जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती के फंदे पर लटके होने की सूचना से गांव में हडकंप मच गया। सूचना मिलने पर अरनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अरनोद थाना अधिकारी शंभूसिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर पुलिस जाप्ते के साथ घटना स्थल पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार को सुबह युवती कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए थे। सुबह गांव की एक बालिका ने टेकरी पर युवती को फंदे पर लटके हुए देखा, जिसके बाद इसकी सूचना गांव में दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को सामुदायिक चिकित्सालय पहुंचाया। पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
