प्रतापगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यू अभियान के तहत ब्राउनशुगर तस्करी प्रतापगढ़ का एक बड़ा मामला सामने आया है। रठांजना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 7 ग्राम अवैध ब्राउनशुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त ब्राउनशुगर की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
कनोरा से खरीदकर जीरन ले जा रहे थे ब्राउनशुगर
रठांजना थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि 12 जनवरी को सरहद बरडिया रोड पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल नंबर एमपी 44 जेडडी 0821 को रोका गया। बाइक पर सवार युवकों ने अपने नाम अरविंद उर्फ लीलाधर पाटीदार निवासी जीरन जिला नीमच और कारुलाल माली निवासी जीरन जिला नीमच बताए।

तलाशी में 7 ग्राम ब्राउनशुगर बरामद
पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 7 ग्राम अवैध ब्राउनशुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही ब्राउनशुगर और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रठांजना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच हथुनिया सीआई उदयवीर सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी रठांजना थाना क्षेत्र के कनोरा गांव निवासी अनवर पुत्र शरीफ खान पठान से ब्राउनशुगर खरीदकर लाए थे। आरोपी मोटरसाइकिल से कनोरा पहुंचे और वहां से नशा लेकर मध्यप्रदेश के जीरन गांव लौट रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वे यह नशा खुद के सेवन के लिए ले जा रहे थे।
यह भी पढ़ें : प्रतापगढ़ डोडा चूरा तस्करी, आरोपी धुंध में गायब होने की कोशिश में गिरफ्तार
