आत्मा योजना के तहत प्रतापगढ़ के 45 किसान उन्नत कृषि भ्रमण पर रवाना, मेवाड़ की आधुनिक खेती से होंगे रूबरू

SHARE:

प्रतापगढ़. आत्मा योजना के अंतर्गत प्रतापगढ़ जिले के 45 किसानों का एक दल राज्य के भीतर कृषि भ्रमण के लिए रवाना हुआ है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को मेवाड़ क्षेत्र में अपनाई जा रही उन्नत कृषि गतिविधियों, कृषि विश्वविद्यालयों तथा कृषि विज्ञान केंद्रों में स्थापित आधुनिक खेती के प्रदर्शनों से परिचित कराना है, ताकि वे नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

कृषि विभाग के अधिकारी गोपाल नाथ योगी ने बताया कि भ्रमण कार्यक्रम के तहत किसानों का पहला पड़ाव चित्तौड़गढ़ स्थित सीताफल उत्कृष्टता केंद्र रहेगा, जहां उन्हें सीताफल की प्रोसेसिंग प्रसंस्करण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके बाद भीलवाड़ा स्थित आर.जी.आई. में किसानों को खेती की विशिष्ट एवं आधुनिक कल्टीवेशन तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। राजसमंद में किसान रतालू की उन्नत खेती के तरीकों को सीखेंगे, जिससे इस फसल से बेहतर उत्पादन और लाभ प्राप्त किया जा सके। भ्रमण का एक महत्वपूर्ण पड़ाव हल्दीघाटी भी रहेगा, जहां चेती गुलाब की खेती और उसकी प्रोसेसिंग यूनिट के कार्य करने की प्रक्रिया को नजदीक से समझाया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसान उदयपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय का भी भ्रमण करेंगे, जहां वैज्ञानिक पद्धतियों, अनुसंधान कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। इस भ्रमण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नई कृषि तकनीकों, मूल्य संवर्धन और नवाचारों से जोड़कर उनकी खेती को अधिक उन्नत, लाभकारी और टिकाऊ बनाना है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!