प्रतापगढ़। राजस्थान मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के अंतर्गत कार्यरत पैकर्स एवं हेल्पर कर्मचारियों का राज्यव्यापी आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में प्रतापगढ़ जिले में पैकर्स/हेल्पर कर्मचारी संघ 26 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठा हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक पूरे राजस्थान में यह हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारी संघ से जुड़े वर्कर प्रकाश चंद्र ने बताया कि सभी कर्मचारी डीडीब्ल्यू (DDW) में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें न तो समय पर वेतन मिल रहा है और न ही भुगतान की कोई निश्चित तिथि तय है। वर्तमान में कर्मचारियों को मात्र 6 हजार 737 रुपए मानदेय दिया जा रहा है, वह भी समय पर नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन से जीएसटी की कटौती किए जाने से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। स्थिति यह है कि पिछले दो माह से कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं हुआ, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारी संघ की प्रमुख मांग है कि उन्हें ठेका प्रथा से हटाकर सीधे आरएमएस (RMS) के तहत नियमित रूप से नियुक्त किया जाए, ताकि उन्हें समय पर वेतन, नौकरी में स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा मिल सके। संघ का कहना है कि वे वर्षों से राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी असुरक्षित स्थिति में काम करने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़िए : मुख्यमंत्री ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, दिए निर्देश
कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह आंदोलन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा। वहीं हड़ताल के चलते जिले सहित प्रदेशभर में मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना की कार्यप्रणाली प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
