प्रतापगढ़. जिले के रठाजना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा 13 दिसंबर की शाम थड़ा और रठाजना के बीच हुआ, जब एक निजी स्कूल बस ने पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल युवक को तुरंत जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ पहुंचाया गया था, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया था। युवक ने कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया, लेकिन शुक्रवार देर शाम उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान राकेश पुत्र राधेश्याम मेघवाल (22 वर्ष), निवासी रठाजना के रूप में हुई है। बताया गया कि राकेश रोज की तरह मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। पारिवारिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। एक वर्ष पूर्व उसकी माता का निधन हो चुका है, जबकि पिता विकलांग हैं। राकेश ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई भी है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां शनिवार सुबह करीब 11 बजे मृतक के पिता की ओर से रठाजना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
