प्रतापगढ़ में ट्रैफिक नियमों पर बड़ी कार्रवाई : गुलाब भी, चालान भी

SHARE:

Green Yellow and White Travel Vlog YouTube Thumbnail 20251218 200959

प्रतापगढ़. शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा एक अनोखा एवं प्रभावी संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के तहत गांधी चौराहे पर वाहन चालकों को गुलाब के फूल भेंट कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य स्वयं उपस्थित रहे और दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों से संवाद कर नियमों की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से जुड़ा हुआ गंभीर मुद्दा है। नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। अभियान के दौरान सख्ती भी देखने को मिली। जिला पुलिस अधीक्षक ने वाहनों पर अवैधानिक रूप से लगाए गए पुलिस, प्रेस व अन्य प्रकार के स्टीकर तत्काल हटवाए। साथ ही उन्होंने वाहनों के आगे-पीछे नंबर प्लेट को स्पष्ट एवं निर्धारित मानकों के अनुसार अंकित रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा लोडिंग वाहनों पर नियंत्रण रखने और नियमों की अवहेलना न करने की हिदायत भी दी गई। इसी क्रम में नीमच नाका चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह तथा जीरो माइल चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा द्वारा भी वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। तीनों प्रमुख चौराहों पर चले इस अभियान के दौरान यातायात थाना अधिकारी ईश्वरलाल मीणा सहित यातायात विभाग के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया कि जागरूकता अभियान के साथ-साथ यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह अभियान न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जिम्मेदार बनाने की एक सकारात्मक पहल भी है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!