कोटड़ी में ड्रग्स का बड़ा भंडाफोड़, 6 आरोपी पकड़े

SHARE:

जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां 58 लाख की ड्रग्स जब्त करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान ब्राउनशुगर, एमडी और नकदी के साथ दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में कोटड़ी थानाधिकारी रोहित कुमार टीम के साथ गश्त पर थे।

58 लाख की ड्रग्स जब्त करते हुए कोटड़ी पुलिस

मगराबावजी जाने वाले कच्चे रास्ते पर पुलिस को दो मोटरसाइकिलें खड़ी दिखीं। पास ही मोबाइल की रोशनी में छह लोग बैठे नजर आए। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान शाहिद उर्फ साया के पास से 288 ग्राम ब्राउनशुगर और 12 ग्राम एमडी बरामद हुई। अन्य आरोपियों से कुल 49,500 रुपये नकद मिले। पुलिस ने सभी मादक पदार्थ और दोनों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद उर्फ साया, सूरज, दिलीप (वनपुरा कोटड़ी निवासी) तथा रवि, राजहंस उर्फ कालू उर्फ नोनी और उज्जवल (झाबुआ, मध्य प्रदेश निवासी) के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि कुछ आरोपी शाहिद से ड्रग्स खरीदने आए थे। सभी छह आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें : डोडाचूरा के साथ पकड़ा गया आरोपी, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Leave a Comment

error: Content is protected !!